शामली। कांवड़ यात्रा-2025 की तैयारियों को लेकर बुधवार को झिंझाना रोड स्थित एमएस फार्म में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं पुलिस अधीक्षक राम सेवक गौतम की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सभी कांवड़ मजिस्ट्रेटों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को यात्रा की व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा को शांति व सुरक्षा के साथ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी का पालन आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित करें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ड्यूटी में गैरहाजिर पाए गए अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कांवड़ मार्ग की खामियों को दुरुस्त करने, साफ-सफाई बनाए रखने, पेयजल और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था, कांवड़ व चिकित्सा शिविरों की स्थापना, कंट्रोल रूम, CCTV कैमरे, वॉच टावर, यमुना ब्रिज घाटों पर बैरिकेडिंग व सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
- आबकारी विभाग को निर्देशित किया गया कि मार्ग पर स्थित शराब की दुकानों पर पर्दे लगाए जाएं।
- स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराने व एंबुलेंस तैनात रखने के निर्देश मिले।
- विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसपी राम सेवक गौतम ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाएं। उन्होंने कहा कि लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को प्रमुख मंदिरों पर विशेष चौकसी बरतने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह, सभी एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, कांवड़ मजिस्ट्रेट व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।











Discussion about this post