उत्तर प्रदेश में मानसून की बारिश जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए राज्य में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसी क्रम में शुक्रवार (11 जुलाई) को बांदा, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि मिर्जापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद और इटावा में बादल गरजने व बिजली चमकने की संभावना है।
इसके साथ ही बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और उसके आसपास के इलाकों में भी बादल गरजने व बिजली चमकने के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में 14 जुलाई से भारी बारिश होने की संभावना नहीं जताई गई है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 30℃ से 35℃ के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान 24℃ से 28℃ के बीच दर्ज किया गया है। गुरुवार को हमीरपुर, आगरा ताज, कानपुर, इटावा, प्रयागराज, बहराइच, बांदा, अयोध्या, झांसी और अलीगढ़ में बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि तेज बारिश से निचले इलाकों में पानी भर सकता है और बिजली गिरने से जान-माल का नुकसान भी है। लोगों से अपील है कि वे बेवजह घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित जगहों पर ही रहें।
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम (34.0°C) और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक (27.0°C) दर्ज किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 89% और न्यूनतम 69% के बीच रही। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। कई इलाकों में गरज और चमक के साथ हल्की बारिश भी हुई।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मॉनसून ट्रफ पश्चिमी छोर के हिमालय फुट हिल्स की ओर और पूर्वी छोर के दक्षिण की ओर शिफ्ट हो गया है जिससे यूपी के मौसम में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। नजीबाबाद, कानपुर और शाहजहांपुर के इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल और झारखंड के ऊपर बना लो प्रेशर एरिया वेस्ट नॉर्थ की ओर बढ़ रहा है जिससे अगले 48 से 60 घंटे के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दक्षिणी हिस्सों में मॉनसून एक्टिव रहेगा और राहत भरी बारिश होगी। अब दिन प्रतिदिन गर्मी और उमस में इजाफा होता जा रहा है।











Discussion about this post