मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र के गांव चांद समद में माता के एक दिवसीय मेले के दौरान प्रसाद की दुकान लगाने को लेकर दो दुकानदार आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और दोनों युवक लहूलुहान हो गए। झगड़े की सूचना पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद मंडी चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, मेले में प्रसाद की दुकान लगाने पहुंचे विक्रम पुत्र जय सिंह निवासी बटायन और रावत पुत्र महेन्द्र निवासी बटायन के बीच दुकान लगाने के स्थान को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे से चार-पांच कदम दूर दुकान लगाने को कहा, जिस पर विरोध करते हुए मामला कहासुनी और फिर मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों युवक आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे को लाठी-डंडों से पीटने लगे।
स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया और दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही मंडी चौकी प्रभारी अमित चौधरी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव के लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों की मर्यादा बनाए रखने के लिए भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।










Discussion about this post