अमीनगर सराय। बागपत जिले के अमीनगर सराय के डौला गांव में तालाब में नहाते समय कक्षा दो के छात्र अरशद (8) की डूबकर मौत हो गई। वहां पहुंचे परिजनों ने किसी तरह छात्र के शव को तालाब से बाहर निकलवाया। उधर, सिंघावली अहीर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर के नंगला रावली गांव का रहने वाला जावेद अपनी पत्नी सोनम और बच्चों के साथ ससुराल में रहता है। उसका बेटा अरशद गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र है। बताया कि बुधवार की सुबह अरशद अपने दोस्तों के साथ गांव के ही तालाब में नहाने लगा।
अरशद तालाब के गहरे पानी में डूबने लगा तो उसके साथी बच्चे शोर मचाते हुए वहां से घर भाग गए। तालाब के किनारे आए ग्रामीण उसके कपड़े उठाकर घर पहुंचे और तालाब में अरशद के डूबने की जानकारी दी।
इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद अरशद का शव तालाब से बाहर निकाला। मृतक अरशद दो भाई बहनों में छोटा था। इस मामले में सिंघावली अहीर पुलिस का कहना है कि बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हुई है, पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
परिजनों ने बताया कि अरशद बुधवार की सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। उसके डूबने के बाद करीब दो घंटे तक परिजनों को घटना का पता नहीं चला। बाद में ग्रामीणों ने अरशद के कपड़े देकर उसके डूबने की जानकारी दी।











Discussion about this post