लखनऊ : अंबेडकर जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार ने गरीबों के लिए एक बड़ी योजना की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में अंबेडकर महासभा के एक कार्यक्रम में ‘जीरो पावर्टी योजना’ का ऐलान किया। इस योजना के पहले चरण में प्रदेश के 14 से 15 लाख जरूरतमंद परिवारों को शामिल किया जाएगा, जिन्हें अब तक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल सका है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हर ग्राम पंचायत में 20 से 25 ऐसे परिवार हैं जिन्हें अब तक समुचित सुविधाएं नहीं मिल पाईं। ‘डबल इंजन’ की सरकार इन परिवारों को एकमुश्त सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। योजना के तहत इन परिवारों को आवास, बिजली, शौचालय, राशन, स्वास्थ्य बीमा जैसी बुनियादी सुविधाएं दी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने इस योजना को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को समर्पित करते हुए कहा कि यह योजना उन्हीं के नाम पर जानी जाएगी। योगी ने कहा, “बाबा साहब ने देश को शैक्षिक, सामाजिक और आर्थिक समरसता का जो दर्शन दिया था, यह योजना उसी सोच को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश, जो देश की सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘जीरो पावर्टी’ का लक्ष्य हासिल करने वाला पहला राज्य बनेगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाबा साहब की 134वीं जयंती पर शुरू की जा रही यह योजना, समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक प्रयास है। योजना का विस्तार आने वाले समय में और अधिक परिवारों को शामिल कर किया जाएगा।










Discussion about this post