गोरखपुर। “क्या आपने कभी सोचा था कि उत्तर प्रदेश दंगामुक्त और माफियामुक्त बन सकता है?” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में यही सवाल जनता से पूछा और फिर खुद ही जवाब दिया “आज का यूपी दंगामुक्त है, माफियामुक्त है।” मुख्यमंत्री शनिवार को मानबेला और राप्तीनगर विस्तार योजना में बने दो कल्याण मंडपम का लोकार्पण करने पहुंचे थे।
योगी ने कहा कि आठ साल पहले तक कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि यूपी से दंगों और माफिया संस्कृति का खात्मा हो जाएगा। बहन-बेटियों और व्यापारियों के लिए अब गुंडे खतरा नहीं हैं। आमजन निश्चिंत होकर रह रहा है और युवा रोजगार के लिए भटकने के बजाय घर के पास ही अवसर पा रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की बीजेपी सरकार जनता, जनार्दन के लिए पूरी तरह समर्पित है और प्रदेश को नए विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने गोरखपुर की जनता को संबोधित करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि धरातल पर बदलाव लाने का काम कर रही है।
सीएम योगी ने अपने भाषण में खासतौर पर विकास और रोजगार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तेजी से निवेश बढ़ रहा है और यह निवेश प्रदेश के युवाओं के लिए लाखों रोजगार के अवसर पैदा करेगा।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर सहित पूरे पूर्वांचल को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में यहां विकास की नई गंगा बहेगी। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के दम पर यूपी आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है।











Discussion about this post