मुजफ्फरनगर। मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसौली और गढ़ी नौआबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वैक्सीन कोल्ड चेन, दवाओं के रखरखाव, उपस्थिति रजिस्टर और सफाई व्यवस्था समेत कई व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।
निरीक्षण के दौरान गढ़ी नौआबाद स्वास्थ्य केंद्र पर नियुक्त वार्ड ब्वॉय अनिल कुमार बिना पूर्व सूचना के गैरहाजिर मिला, जिस पर सीएमओ ने सख्त रुख अपनाते हुए उसका वेतन रोकने के आदेश दिए और तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
सीएमओ डॉ. तेवतिया ने स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाए तथा सभी स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित वेशभूषा में ही ड्यूटी पर आएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को समय से उपस्थित होकर पूर्ण निष्ठा और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने साफ शब्दों में कहा कि कामकाज में सुधार जरूरी है और अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।










Discussion about this post