नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और हिंसक बयान दिया है। महुआ ने कहा—”अगर घुसपैठ हो रही है तो अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए।”
यह बयान उन्होंने नादिया जिले में एक जनसभा के दौरान दिया। महुआ का कहना था कि सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी गृह मंत्रालय की है और यदि देश में घुसपैठ हो रही है, तो इसकी पूरी जवाबदेही गृह मंत्री पर है।
भाजपा ने इस बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बंगाल भाजपा ने बयान से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया और लिखा, “महुआ जब गृह मंत्री का सिर काटने की बात करती हैं, तो यह TMC की हिंसक संस्कृति को उजागर करता है। यही वजह है कि पश्चिम बंगाल की छवि लगातार धूमिल हो रही है।”
महुआ के इस बयान पर कृष्णानगर कोतवाली थाने में स्थानीय निवासी संदीप मजूमदार ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया से बात करते हुए महुआ ने अपना बयान दोहराते हुए कहा कि सीमाओं की सुरक्षा केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद लाल किले से स्वीकार कर चुके हैं कि घुसपैठ हो रही है और इसकी वजह से देश की जनसंख्या-संरचना बदल रही है।
महुआ ने आगे कहा, “अगर हमारी मां-बहनों की सुरक्षा नहीं हो पा रही है, अगर बाहर से लोग जमीनें छीन रहे हैं, तो यह हमारी नहीं, आपकी नाकामी है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि बांग्लादेश भारत का मित्र राष्ट्र था, लेकिन मौजूदा केंद्र सरकार की नीतियों ने दोनों देशों के संबंधों को बिगाड़ दिया है।
इससे पहले भी महुआ मोइत्रा संसद में सवाल पूछने को लेकर विवादों में आ चुकी हैं। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया था कि महुआ को उद्योगपति दर्शन हीरानंदानी से पैसे और गिफ्ट लेकर सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित किया गया। दुबे ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर इस मामले की जांच की मांग की थी और महुआ को निलंबित करने की सिफारिश की थी।
महुआ का ताज़ा बयान न सिर्फ राजनीति को गर्म कर रहा है बल्कि संसद और लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा पर भी सवाल खड़े कर रहा है। अब यह देखना होगा कि इस बयान पर पार्टी क्या रुख अपनाती है और कानूनी कार्रवाई किस दिशा में जाती है।











Discussion about this post