लखनऊ : महाराष्ट्र के सपा विधायक को पार्टी से निकालने की मांग पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर बयान दिया है। उन्होंने सीएम योगी के बयान को नकारात्मक सोच का बचकानापन करार दिया है। महाराष्ट्र के सपा विधायक अबू आजमी के औरंगजेब वाले बयान ने यूपी में सियासी तूफान खड़ा कर दिया है।
बुधवार को विधान परिषद को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा को जमकर घेरा और अबू आजमी को पार्टी से निकालने की मांग की और साथ ही चेतावनी दी कि ऐसे विधायक को यूपी भेज देना चाहिए। यूपी ऐसे लोगों का इलाज करने में देरी नहीं करता।
इस पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि अगर निलंबन का आधार विचारधारा से प्रभावित होने लगे तो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और गुलामी में क्या अंतर रह जाएगा। हमारे विधायक हों या सांसद, उनकी निर्भीकता बेमिसाल है।
अगर कुछ लोग सोचते हैं कि कोई ‘निलंबन’ करके सच की जुबान पर लगाम लगा सकता है तो यह उनकी नकारात्मक सोच का बचकानापन है। आज की स्वतंत्र सोच कहती है, भाजपा की जरूरत नहीं! आपको बता दें कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब महाराष्ट्र के सपा विधायक अबू आजमी ने औरंगजेब की तारीफ करते हुए उसे ‘महान प्रशासक’ बताया। इस बयान के बाद मुख्यमंत्री ने यूपी विधान परिषद में सपा पर निशाना साधा है।










Discussion about this post