नयी दिल्ली। पिछले 24 घंटों में कोरोना के सक्रिय मामलों में 353 की कमी आने के बाद देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 6483 रह गई है। वहीं इस दौरान चार और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 113 हो गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान 1173 मरीजों के स्वस्थ होने पर इस वायरस से निजात पाने वालों की कुल संख्या 15945 पहुंच गयी है। गौरतलब है कि गत 22 मई को देश में कोराना के मामले सिर्फ़ 257 सक्रिय थे।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से आज जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमित चार और मरीज की मौत हो गयी है। महाराष्ट्र में कोरान संक्रमण से दो और मरीज की मौत होने से वहां मतृकों की संख्या 31 पहुंच गयी और राष्ट्रीय राजधानी और केरल में एक-एक और मरीज की मौत होने से मृतकों की संख्या क्रमश: 13 और 36 पहुंच गयी है। इस अवधि में जहां 12 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेश में कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी, वहीं 10 राज्यों में सक्रिय मामलों में कमी आयी है। जबकि अन्य राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों से कोराेना संक्रमण के मामले प्राप्त नहीं हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार संक्रमण के नये उभरते वेरिएंट, विशेष रूप से एलएफ.7, एक्सएफजी, जेएन.1 और हाल ही में पहचाने गये एनबी.1.8.1 सबवेरिएंट के कारण हो रहा है। इन वेरिएंट्स की जांच चल रही है।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 32 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में से 22 में कोरोना के सक्रिय मामले घटने और बढ़ने के मामले सामने आये हैं, जबकि तीन राज्यों मिजोरम, हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण का अभी कोई सक्रिय मामला नहीं है।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार संक्रमण के मामले में केरल सबसे अधिक प्रभावित राज्य है, हांलाकि आज सुबह तक 275 सक्रिय मामले घटने के साथ इसका आंकड़ा 1384 रह गया। राष्ट्रीय राजधानी में 65 मामले बढ़ने से संक्रमितों की कुल संख्या बढकर 620 हो गयी। महाराष्ट्र में 23 मामले घटने से सक्रिय मामलों की कुल संख्या घटकर 489 रह गयी और गुजरात में 143 मामले घटने से कुल संख्या घटकर 1105 रह गयी है।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल का नवीनतम आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, लेकिन वहां कोरोना सक्रिय मामले 747 है। कर्नाटक में 653, तमिलनाडु में 224, उत्तर प्रदेश में 275, राजस्थान में 302, हरियाणा में 115, मध्य प्रदेश में 138, आंध्र प्रदेश में 62, ओडिशा में 52, छत्तीसगढ में 57, बिहार में 40, सिक्किम में 45, पंजाब मेें 42, झारखंड में 27, असम में 23, मणिपुर में 33, जम्मू-कश्मीर में 17, तेलंगाना में 10, पुड्डुचेरी और लद्दाख में पांच-पांच, उत्तराखंड में तीन, गोवा और त्रिपुरा में चार-चार, चंड़ीगढ़ और नागालैंड़ में एक-एक सक्रिय मामले हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने लोगों से मास्क पहनने, बार-बार हाथ धोने और भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर जाने से बचने की अपील की है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। इसके अलावा, मौसमी वायरल बुखार के भी फैलने के साथ, स्वास्थ्य पेशेवरों ने कोरोना को अन्य संक्रमणों से अलग करने की आवश्यकता पर बल दिया है।











Discussion about this post