खतौली। मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और गौ तस्कर के बीच नाटकीय मुठभेड़ हुई। यह घटना गंग नहर पटरी पर सठेड़ी पुल के पास उस समय हुई जब पुलिस गौ तस्कर को बरामदगी के लिए लेकर आई थी। बरामदगी के दौरान तस्कर ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की गोली से वह घायल हो गया।
दरअसल, शुक्रवार दोपहर खतौली पुलिस को सूचना मिली थी कि गंग नहर पटरी के पास एक संदिग्ध आयशर कंटेनर खड़ा है। स्थानीय हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने चश्मदीदों की सूचना पर वाहन को पकड़ा और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया, जिसमें 9 मृत गौवंश, 2 जिंदा गौवंश और एक घायल बछड़ा बरामद हुआ। ट्रक के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, जिसने पहले खुद को खलासी बताया। हालांकि, सख्त पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह ही असली गौ तस्कर है।
पुलिस ने तस्कर की निशानदेही पर बरामदगी के लिए उसे देर रात घटनास्थल पर दोबारा ले गई। वहां उसने गौकशी के सामान को छिपाने की बात कबूल की थी। निशानदेही के दौरान तस्कर ने अचानक एक बोरे से तमंचा निकाला और पुलिस पर फायर कर दिया। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तस्कर भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। घायल तस्कर को हिरासत में ले लिया गया और उसके पास से एक तमंचा और गौकशी के उपकरण बरामद किए गए।
पकड़े गए गौ तस्कर की पहचान शामली जिले के कैराना थाना क्षेत्र के पोती कलन पावती कला निवासी के रूप में हुई। मुठभेड़ के बाद तस्कर को पुलिस के सामने हाथ जोड़कर मांगी जान की भीख। जिसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
खतौली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बरामद ट्रक, गौवंश और उपकरणों के आधार पर गौ तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घायल तस्कर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और उससे पूछताछ जारी है।










Discussion about this post