मुजफ्फरनगर। आगामी क्रिसमस पर्व के मद्देनजर जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिलाधिकारी और खाद्य सुरक्षा आयुक्त के कड़े निर्देशों पर सोमवार को सहायक आयुक्त (खाद्य) अर्चना धीरान के नेतृत्व में शहर की प्रमुख बेकरी इकाइयों पर औचक छापेमारी की गई। इस दौरान टीम ने केक के नमूने भरकर जांच के लिए लैब भेजे हैं।
प्रमुख बेकरियों पर कार्रवाई से मचा हड़कंप-
खाद्य विभाग की टीम ने सबसे पहले भोपा रोड स्थित ‘डैली बैली फूड्स एंड बेवरेजेज लिमिटेड’ का निरीक्षण किया। यहाँ से टीम ने स्ट्रॉबेरी केक और मिल्की बार केक के नमूने लिए। इसके बाद टीम लद्दावाला स्थित ‘डायमंड बेकरी’ पहुँची, जहाँ से पाइनएप्पल केक का सैंपल भरा गया। विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से बेकरी संचालकों और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जांच के लिए लखनऊ भेजे गए सैंपल-
सहायक आयुक्त अर्चना धीरान ने जानकारी दी कि कुल तीन केक के नमूनों को संग्रहित कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला, लखनऊ भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के सीजन में जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
होगी सख्त कानूनी कार्रवाई-
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि लैब रिपोर्ट में मिलावट या अधोमानक (Substandard) की पुष्टि होती है, तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस छापेमारी टीम में मुख्य रूप से खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार, वैभव शर्मा, पूनम कुमारी, सुनील कुमार और विशाल चौधरी शामिल रहे।










Discussion about this post