शामली। दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर बुधवार को चलने वाली पैसेंजर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से पहुंचीं, जिससे शामली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा और यात्रियों को भीषण गर्मी में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय यात्रियों ने बताया कि न तो ट्रेनों के विलंब की कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही स्टेशन पर कोई सक्रिय पूछताछ केंद्र नजर आया। जिससे यात्री घंटों तक ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर भटकते रहे। यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर समयबद्ध जानकारी देने की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं दिखी, जिससे असमंजस की स्थिति बनी रही।
स्थानीय निवासी पंकज कुमार, राजीव जैन और सलमान अहमद ने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रेनें समय पर नहीं आ रहीं और न ही ठहराव के दौरान जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं। गर्मी और भीड़ की वजह से बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष तौर पर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
यात्रियों दिनेश कुमार, अनवर, आसिफ और अमित कुमार ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि पैंसेंजर ट्रेनों का संचालन समय पर सुनिश्चित किया जाए और स्टेशन पर सूचना व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि यात्रियों को समय रहते आवश्यक जानकारी मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो।











Discussion about this post