मुजफ्फरनगर। दीपावली का त्यौहार खत्म होते ही जिले के किसानों के लिए बडी खुशखबरी आई है। जिले की खाईखेडी शुगर मिल में पेराई शुरु होने से किसानों में खुशी की लहर है, हालांकि मिल में गन्ना सप्लाई के रास्ते के खराब होने के चलते किसानों में रोष भी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जनपद के पुरकाजी क्षेत्र के खाईखेडी मे स्थित उत्तम शुगर मिल का पेराई सत्र आज शुरु हो गया। मंत्रोचार के बीच हवन के बाद जिला गन्ना अधिकारी आरडी द्विवेदी न केरियर में गन्ना डाल पेराई सत्र का शुभारंभ किया। गुरूग्रंथ का अखंड पाठ व हवन पूजन भी आयोजित किया गया। सबसे पहले ट्राली में गन्ना लेकर पहुंचे हरैंटी के किसान विवेक व बोगी में गन्ना भरकर लाए खाईखेड़ी के सुनील को मिल अफसरों द्वारा शॉल ओढ़ाकर तथा मिठाई भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर मिल के कार्यकारी निदेशक एस0 एल शर्मा, यूनिट हेड विकास ठाकुर, गन्ना विकास समिति के सचिव सतीश कुमार, उपमहाप्रबंधक गन्ना संजीव कुमार, अनिल कुमार प्रबंधक एचआर, संजय शर्मा, गन्ना प्रबंधक सतपाल शर्मा, सुरक्षा अफसर दिनेश शर्मा समेत अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।
उत्तम शुगर मिल खाईखेड़ी के रास्तों को लेकर मिल शुभारंभ के मौके पर पहुंचे किसानों ने मिल अफसरों से अपनी नाराजगी जताई। भाकियू नेता एवं खाईखेड़ी के पूर्व प्रधान हरिओम त्यागी समेत किसानों ने गन्ना समिति के अफसरों एवं जनप्रतिनिधियों से रास्ते खराब होने के कारण गन्ना मिल में लाने में परेशानी की और ध्यान न दिये जाने का आरोप लगाया।









Discussion about this post