मेरठ। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2025 को सफल, सुरक्षित और श्रद्धालु हितैषी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वी. के. सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम ने थाना सरधना क्षेत्र के ग्राम राधना, थाना सरूरपुर अंतर्गत ग्राम सरूरपुर खुर्द, और थाना रोहटा क्षेत्र स्थित कल्याणपुर पुलिस चौकी के निकट बंबा पटरी रोड से गुजर रहे कांवड़ मार्ग की सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा बैरिकेडिंग, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, शौचालय एवं सीसीटीवी निगरानी आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
अधिकारियों ने प्रमुख निर्देश दिए कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार के बाहरी वाहन प्रवेश पर रोक। स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग। लाइटिंग, बैरिकेडिंग और CCTV कैमरे सक्रिय रखें जाएं। पुलिस बल को सतर्क रहने और भीड़ नियंत्रण हेतु पर्याप्त फोर्स तैनात की जाए। आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम और रेस्क्यू टीम को अलर्ट पर रखा जाए।
निरीक्षण उपरांत डीएम और एसएसपी पुरा महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर जनपद में शांतिपूर्ण और सफल कांवड़ यात्रा संपन्न होने की प्रार्थना की।











Discussion about this post