नई दिल्ली : ईरान की राजधानी तेहरान में मंगलावर को दो धमाके होने की खबर है। न्यूज एजेंसी मिजानऔर शार्ग अखबार ने यह जानकारी दी। विस्फोट उस समय हुए जब कुछ घंटे पहले ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल से ईरान पर बमबारी न करने की अपील की थी। यह अपील मंगलवार को ही घोषित युद्धविराम के बाद की गई थी। ईरानी समाचार पत्रों एतेमाद और मिहान के अनुसार, तेहरान से लगभग 200 किलोमीटर कैस्पियन सागर के तट पर स्थित बाबोल और बाबोलसर शहरों में विस्फोटों की आवाज सुनी गई। इन क्षेत्रों में एयर डिफेंस सिस्टम भी एक्टिव कर दिया गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ समय पहले ही कहा कि इजरायल और ईरान दोनों ने युद्धविराम की शर्तों का उल्लंघन किया है। ट्रंप की ओर से प्रस्तावित युद्धविराम मंगलवार तड़के शुरू हुआ था, लेकिन इसके कुछ घंटों बाद ही इजरायल ने ईरान पर मिसाइल हमले करने का आरोप लगाया। ईरान की सरकारी मीडिया ने इन आरोपों से इनकार किया और कहा कि उसने इजरायल पर कोई हमला नहीं किया। वहीं, ट्रंप ने दोनों पक्षों पर नाराजगी जताते हुए कहा, ‘मैं इजरायल से भी खुश नहीं हूं।’
12 दिन पहले शुरू हुए इस युद्ध में इजरायल ने ईरान के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों को निशाना बनाया। इजरायल के हमलों में ईरान के कम से कम 10 परमाणु वैज्ञानिक मारे गए। इनमें मोहम्मद रजा सेदीघी साबेर भी शामिल हैं, जिन हाल ही में अमेरिका ने प्रतिबंध लगाया था। दूसरी ओर, ईरान ने सोमवार को कतर में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर सीमित हमला किया था, जिसकी निंदा कतर ने की। तुर्की और मिस्र ने युद्धविराम का स्वागत किया, लेकिन उल्लंघनों की खबरों से मध्य पूर्व में तनाव बना हुआ है।
इस बीच, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा है कि प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत करने के बाद ईरान के खिलाफ भीषण हमले को टाल दिया है। नेतन्याहू की ऑफिस ने कहा कि इजरायल ने मंगलवार तड़के ईरानी मिसाइल हमले के जवाब में एक ईरानी रडार को निशाना बनाया। उसने कहा, ‘प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ राष्ट्रपति ट्रंप की बातचीत के बाद इजरायल ने अतिरिक्त हमले नहीं किए।’ इस बयान के युद्धविराम का पालन करने की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है।











Discussion about this post