मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के तितावी थाना क्षेत्र में खाना न मिलने के गुस्से में एक ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी अतुल सैनी उर्फ अंशुल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तीन लाइसेंसी हथियारों का जखीरा—राइफल, पिस्टल और रिवॉल्वर—सहित 130 से अधिक कारतूस बरामद हुए। घटना 10 सितंबर को पानीपत-खटीमा हाईवे पर स्थित शेरा पंजाबी ढाबे पर हुई थी, जहां आरोपी और उसके साथियों ने मालिक शिवम पर जानलेवा हमला किया था।
10 सितंबर की रात को अतुल सैनी और उसके दो साथी शेरा पंजाबी ढाबे पर पहुंचे। खाना मांगने पर ढाबा मालिक शिवम ने असमर्थता जताई, तो आरोपी नाराज हो गए। गुस्से में उन्होंने ढाबे पर 10-15 राउंड फायरिंग कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। शिवम ने तुरंत तहरीर देकर तितावी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी थी।
बीती रात तितावी पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने अतुल को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। भागने की कोशिश में आरोपी ने विरोध किया, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में अतुल ने कबूल किया कि खाना न मिलने पर गुस्से में उसने और उसके साथियों ने लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग की थी। हथियार उसके माता-पिता के नाम पर लाइसेंसी हैं। वह ट्रैक्टर छिपाकर भागने की फिराक में था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाइसेंसी राइफल (सहित 98 कारतूस),लाइसेंसी पिस्टल (.32 बोर, सहित 3 कारतूस),लाइसेंसी रिवॉल्वर (.32 बोर, सहित 29 कारतूस) बरामद किया।
एसपी देहात आदित्य बंसल ने प्रेस वार्ता में बताया, “बीते दिनों तितावी क्षेत्र के एक ढाबे पर एक युवक द्वारा 10-15 राउंड फायरिंग की गई थी। आज मुख्य आरोपी अतुल सैनी को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से तीन लाइसेंसी शस्त्र और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं। सभी बिंदुओं पर सख्ती से पूछताछ की जा रही है। बाकी फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।” उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर कड़ाई बरती जाएगी।










Discussion about this post