मुजफ्फरनगर। जिले में शुक्रतीर्थ मेले से लौट रहे उत्तराखंड के दो गाँवों के युवकों के बीच ट्रैक्टर के रास्ते को लेकर विवाद हो गया। विवाद बहस से बढ़कर मारपीट और फिर गोलीबारी में बदल गया। इस घटना में चार युवक घायल हो गए।
बुधवार सुबह लगभग साढ़े तीन बजे, मोहम्मदपुर जट और बुड़पुर जट गाँवों के युवक एक ट्रैक्टर और ट्रेलर से अपने गाँव लौट रहे थे। भोपा थाना क्षेत्र के निरगाजनी गाँव के पास ट्रैक्टर के रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई। इसके बाद, युवक ट्रैक्टर और ट्रेलर लेकर आगे बढ़ गए।
पुरकाजी थाने के गांव कमहेड़ा गंग नहर पुल के पास पहुंचने पर दोनों समूहों में फिर बहस हो गई। इसी दौरान बुडपुर जाट के युवकों ने मोहम्मदपुर जाट के युवकों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से विजय, दीपांशु और आर्यन घायल हुए, जबकि उदित धारदार हथियार लगने से घायल हो गया।
घायल युवक कमहेड़ा पुलिस चौकी पहुंचे और घटना की सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को पुरकाजी पीएचसी लाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल पक्ष ने हमलावरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











Discussion about this post