मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव में दहेज के विवाद में एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के पिता इस्लामुद्दीन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर बेटी फरीन के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को ससुरालजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर फांसी पर लटका कर मार डाला।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं। मृतका के परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि बाकी दो आरोपी अपने नाम मुकदमे से निकालने की कोशिश कर रहे हैं। इसके चलते उन्होंने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि बाकी दो आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
परिजनों के अनुसार, लगभग आठ महीने पहले फरीन की शादी साजिद पुत्र रहसूद्दीन के साथ मदीना कॉलोनी में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग कर रहे थे। इस्लामुद्दीन ने बताया कि रईसुद्दीन, जमशेद, भूरा और साजिद ने मिलकर उनकी बेटी को धमकाया और राशि की मांग पूरी न होने पर उसे फांसी पर लटका दिया।
मौके पर मौजूद यासीन ने बताया कि कुछ समय पहले घर में आवाजें सुनकर जब वे वहां पहुंचे तो देखा कि चार लोग फरीन के साथ मारपीट कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने मांग पूरी करने को कहा और जब यह नहीं हुआ तो लड़की को फांसी पर लटका दिया।
परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि बाकी दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










Discussion about this post