मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2025 के सुचारू, सुरक्षित एवं दुर्घटना रहित संचालन के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है। यात्रा की तैयारियों को और अधिक पुख्ता बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानू भास्कर, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से रामपुर तिराहा व बागोवाली कट के कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया।
देर रात किए गए निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ड्यूटी पॉइंट्स का गहन निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण में बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, सुरक्षा बैरियर्स, रिफ्लेक्टर्स तथा दिशा-निर्देश वाले फ्लैक्स बोर्ड्स की स्थिति को जांचा गया।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे यात्रियों के साथ पूर्ण शालीनता बरतें, हर संभव सहायता प्रदान करें और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग करने, ट्रैफिक कंट्रोल प्लान को सख्ती से लागू कराने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, पुलिस अधीक्षक नगर ने भी देर रात रामपुर तिराहा, बागोवाली और शिव चौक क्षेत्रों का दौरा कर कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यातायात नियंत्रण की निगरानी की और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी कांवड़ यात्री को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मौके पर तैनात पुलिस बल को उन्होंने सजग और संवेदनशील रहकर अपनी ड्यूटी निभाने के दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है, और इसके लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।










Discussion about this post