मुज़फ्फरनगर। ईद-उल-अजहा के पावन अवसर पर मुजफ्फरनगर में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में नमाज अदा की गई। पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी गई, वहीं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
शामली रोड स्थित ईदगाह में नमाज़ के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा भी मौजूद रहे, जिससे लोगों में विश्वास और सुरक्षा का माहौल बना रहा। नमाज के बाद अकीदतमंदों ने देश में शांति, अमन और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने नमाज़ के बाद लोगों से अपील की कि वे खुले में कुर्बानी न करें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और आपसी भाईचारा बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि त्योहार के मौके पर किसी प्रकार की अव्यवस्था या कानून तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
शहर काजी तनवीर आलम ने भी ईद की मुबारकबाद देते हुए शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि”ईद हमें प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देती है। खुले में कुर्बानी न करें, प्रतिबंधित जानवर की कुर्बानी से बचें और सफाई का ध्यान रखें क्योंकि इस्लाम में सफाई को आधा ईमान कहा गया है।”
उन्होंने यह भी बताया कि देश और दुनिया में अमन की दुआ के साथ-साथ पहलगाम हमले में शहीद हुए लोगों के लिए भी विशेष दुआ की गई।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी के ज़रिए निगरानी की जा रही है। सभी संवेदनशील इलाकों में सेक्टर ज़ोन प्रभारी और पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं।










Discussion about this post