मुजफ्फरनगर। फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर हजारों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह मुजफ्फरनगर में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की टीम ने कुख्यात ठग नवाब उर्फ लविश चौधरी और उसके पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए जनपद के दर्जनों ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है।
इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। स्थानीय पुलिस ईडी की टीमों को सुरक्षा और सहयोग प्रदान कर रही है।
करोड़ों के निवेश पर 5-6% रिटर्न का लालच-
सूत्रों के अनुसार, लविश चौधरी ने अपनी कंपनी के माध्यम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित देश भर के अलग-अलग हिस्सों के हजारों निवेशकों से करोड़ों रुपये का निवेश कराया था। निवेशकों को धन को कई गुना करने का लालच देकर और 5-6 प्रतिशत मासिक रिटर्न देने का वादा कर भारी ठगी की गई। बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क में कई सौ करोड़ रुपये का निवेश किया गया था।
मंसूरपुर क्षेत्र में एजेंटों के घरों पर भी छापे-
ईडी की टीमें मंसूरपुर थाना क्षेत्र के नारा गांव में लविश चौधरी के करीबियों और एजेंटों के घरों पर भी छापेमारी कर रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़ और डिजिटल सबूत जब्त किए गए हैं, जो ठगी के नेटवर्क को समझने में सहायक होंगे।
मिली जानकारी के अनुसार, इस फॉरेक्स नेटवर्क ट्रेडिंग का मास्टरमाइंड लविश चौधरी अब देश छोड़कर दुबई में जाकर बस गया है। ईडी की कार्रवाई अभी भी जारी है।










Discussion about this post