नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन शुरू हो गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरे प्रिय देशवासियों नमस्कार। कल से नवरात्र शुरू हो रहा है। आप सभी को नवरात्र की शुभकामनाएं। नवरात्र के प्रथम दिवस सूर्योदय के साथ ही नेकस्ट जेनरेशन जीएसटी रिफाॅर्म्स शुरू हो जाएंगे। जीएसटी बचत महोत्सव शुरू हो रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि जीएसटी बचत उत्सव में आपकी बचत बढ़ेगी और आप अपनी पसंद की चीजों को और ज्यादा आसानी से खरीद पाएंगे। हमारे देश के गरीब, मध्यम वर्गीय लोग, न्यू मिडिल क्लास, युवा, किसान, महिलाएं, दुकानदार, व्यापारी, उद्यमी, सभी को ये बचत उत्सव का बहुत फायदा होगा। यानी त्योहारों के इस मौसम में सबका मुंह मीठा होगा।
पीएम मोदी के संबोधन से पहले कांग्रेस हमलावर-
पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन से पहले कांग्रेस पार्टी ने उन पर करारा हमला बोला है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कई सवाल प्रधानमंत्री से पूछे हैं। जयराम रमेश ने अपने पोस्ट में लिखा- प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं वाशिंगटन डीसी में उनके अच्छे दोस्त ने एक बार फिर उनकी सुर्खियां छीन ली हैं और 42वीं बार दावा किया है कि उन्होंने अमेरिका के साथ बढ़ते व्यापार का फायदा उठाकर ऑपरेशन सिंदूर को रोक दिया। राष्ट्रपति ट्रंप यह दावा केवल अमेरिका में ही नहीं, बल्कि सऊदी अरब, कतर और ब्रिटेन में भी कर चुके हैं। क्या प्रधानमंत्री इन दावों पर प्रतिक्रिया देंगे और भारत-अमेरिका के लगातार बिगड़ते रिश्तों पर बोलेंगे? क्या वे लाखों भारतीय H-1B धारकों की चिंताओं का समाधान करेंगे? क्या वे उन करोड़ों किसानों और मजदूरों को कोई भरोसा देंगे, जिनकी आजीविका उनके मित्र द्वारा लगाए गए टैरिफ की वजह से खतरे में है? या फिर वे नई जीएसटी दरों के बारे में वही दोहराएंगे, जो हम सभी जानते हैं – जिन्हें हताशा में तैयार किया गया था और जो कल से लागू हो रही हैं।
सोमवार से नवरात्रि की शुरूआत हो रही है। इसी के साथ देश में जीएसटी की नई दरें भी लागू होंगी। सरकार जीएसटी सुधारों को त्योहारी उपहार के तौर पर प्रस्तुत कर रही है। ऐसे में कयास लग रहे हैं कि पीएम मोदी इस मुद्दे पर बात कर सकते हैं।











Discussion about this post