मोरना। भोपा थाना क्षेत्र के गांव यूसुफपुर में एक किसान ने सिंचाई विभाग के कर्मचारी (सींचपाल) पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है।
गांव यूसुफपुर निवासी किसान गौरव ने बताया कि वह मलपुरा गांव निवासी खुरसेव त्यागी की कृषि भूमि को ठेके पर लेकर खेती कर रहा है। मंगलवार दोपहर वह फसलों की सिंचाई के लिए खेत गया था। गौरव का आरोप है कि सींचपाल खेत तक पानी पहुंचने की स्थिति दिखाने के लिए जानबूझकर सिंचाई की मुख्य नाली में घास-फूस डालकर जल आपूर्ति बंद करवा रहा था। इस कार्य में उसके साथ दो अन्य व्यक्ति भी शामिल थे।
जब गौरव ने इसका विरोध किया तो कथित रूप से सींचपाल व उसके दोनों साथियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद वह सीधे भोपा थाने पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने गौरव की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। घायल गौरव का प्राथमिक उपचार भी कराया गया।
वहीं, दूसरी ओर सींचपाल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है। उधर, पीड़ित गौरव और उसके परिजन देर शाम तक कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर डटे रहे। ग्रामीणों के अनुसार इस घटना को लेकर किसान वर्ग में नाराजगी है और वह दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।










Discussion about this post