मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के सठेड़ी गांव में शनिवार शाम को टायर पंचर की दुकान में अचानक अजगर सांप दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, सठेड़ी गांव निवासी मोनू गंग नहर के पास टायर पंचर की दुकान चलाते हैं। शनिवार देर शाम करीब सात बजे टायर का पंचर जोड़ते समय जैसे ही मोनू औजार लेने दुकान के अंदर गया, उसकी नजर अजगर पर पड़ी।
डर के मारे मोनू ने शोर मचाया और बाहर निकल आया। थोड़ी ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने सांप को पकड़ने का प्रयास नहीं किया। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ने में सफल रही।
वन विभाग की टीम ने अजगर को बोरे में डालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया और गंग नहर के किनारे जंगल में छोड़ दिया। अजगर के सुरक्षित छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। वहीं, दुकान में अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में डर बना रहा।










Discussion about this post