मुजफ्फरनगर। पंजाब में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों ने सराहनीय पहल की है। उत्तर प्रदेश मिनिस्टीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ, मुजफ्फरनगर शाखा ने मुख्यमंत्री राहत कोष में एक लाख रुपये की सहयोग राशि दी है।
यह राशि अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार और एडीएम ई संजय सिंह को सौंपी गई। संघ के जिला अध्यक्ष अम्मार हैदर और जिला मंत्री मनीष शर्मा ने बताया कि यह सहयोग राशि संघ के सभी कर्मचारियों के योगदान से जुटाई गई है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में कलेक्ट्रेट परिवार आपदा पीड़ितों के साथ खड़ा है और समाज के अन्य वर्गों को भी राहत कार्यों में सहयोग करना चाहिए।
सहयोग राशि देने के दौरान संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीता देवी, जिला उपाध्यक्ष पंकज कुमार व शेखर वर्मा, संरक्षक जगेश्वर सिंह, संयुक्त सचिव धीरज पाल शर्मा, सांस्कृतिक मंत्री रमी मलिक, संगठन मंत्री पुष्पेंद्र सिंह समेत कई पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अध्यक्ष और मंत्री ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि केवल आर्थिक सहयोग नहीं बल्कि मानवीय संवेदना का प्रतीक है।










Discussion about this post