बिजनौर। चांदपुर ज़िले के अधिकारी अमीन वेद प्रकाश की बेटी ललिता सिंह ने सोमवार सुबह गंगा बांध से गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों की एक टीम उसकी तलाश कर रही है। ललिता आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे ललिता एक छोटी बच्ची के साथ बैराज पहुंची। बच्ची को गेट नंबर 24 पर खड़ा कर नदी में छलांग लगा दी। बच्ची के शोर मचाने पर भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने युवती की तलाश शुरू की।

मुजफ्फरनगर जिले की पुलिस और युवती के परिजन भी गंगा बैराज पर रोते-बिलखते पहुंच गए। घटनास्थल मुजफ्फरनगर क्षेत्र में आता है। स्थानीय लोगों ने गंगा बैराज पुल पर गंगा की ओर ऊंची रेलिंग लगाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। दोपहर तक युवती का कुछ पता नहीं चला था और पुलिस व परिजन मौके पर मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि युवती नदी में क्यों कूदी, इसके बाद में जांच की जाएगी और माहौल सामान्य होने पर परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी।











Discussion about this post