मुजफ्फरनगर। साइबर जालसाजों ने एक बार फिर पुराने नोटों और सिक्कों को ऊँचे दामों पर बिकवाने का लालच देकर एक युवक को ठगी का शिकार बना लिया। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव कुटेसरा निवासी एक युवक को महज ₹8 की कीमत वाले तीन पुराने नोटों के बदले ₹90 लाख दिलाने का सपना दिखाया गया और उनसे अलग-अलग किस्तों में ₹89,003 ठग लिए गए।
ऐसे फंसा युवक ठगों के जाल में-
4 अक्टूबर को प्रवीन कुमार (निवासी कुटेसरा) अपने मोबाइल पर फेसबुक देख रहे थे, जब उन्हें पुराने नोट और सिक्के खरीदने का आकर्षक वीडियो दिखा।
वीडियो पर क्लिक करने के बाद, प्रवीन को एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को नितिन कुमार बताते हुए, प्रवीन से एक, दो और पाँच रुपये के तीन पुराने नोटों की फोटो व्हाट्सएप पर मंगवाई।
नितिन ने इन तीनों नोटों की कीमत ₹90.40 लाख बताई।
रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर प्रवीन से पहले ₹33 और फिर ₹320 का भुगतान कराया गया।
फौजी बनकर ठगों ने लिया भरोसे में-
6 अक्टूबर को प्रवीन के पास एक और कॉल आई। इस बार ठग ने खुद को मनोज कुमार फौजी बताया और कहा कि वह ₹90.40 लाख लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पर आ चुका है, लेकिन चेकिंग के कारण कुछ भुगतान करना होगा।
ठगों ने फौजी बनकर प्रवीन को पूरी तरह अपने जाल में फंसा लिया और उससे सात बार में अलग-अलग खातों में कुल ₹89,003 जमा करा लिए।
जब ठगों ने और पैसों की मांग की, तब प्रवीन को शक हुआ और उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ।
एसएचओ चरथावल जसवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित प्रवीन की शिकायत पर नितिन और मनोज फौजी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।










Discussion about this post