मेरठ। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में एक बार फिर भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। मेरठ की मूल निवासी और वर्तमान में बरेली में तैनात महिला इंस्पेक्टर नरगिस खान पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगा है। उनके खिलाफ मेरठ मेडिकल थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, नरगिस खान ने पुलिस सेवा में रहते हुए बीते 14 वर्षों के भीतर लगभग 10 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां खरीदी हैं। इन संपत्तियों में चल-अचल संपत्तियां, बैंक खाते, फ्लैट्स, प्लॉट्स और लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। प्राथमिक जांच में यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से कहीं अधिक पाई गई है। इस मामले में एंटी करप्शन यूनिट गहन जांच कर रही है और दस्तावेज, बैंक लेनदेन, जमीनों के रजिस्ट्रेशन तथा अन्य संपत्ति विवरणों की पड़ताल जारी है।
यह पहला मौका नहीं है जब इंस्पेक्टर नरगिस खान विवादों में आई हैं। वर्ष 2021 में उन्हें और उनके पति सुरेश यादव को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था। उन पर एक अधिकारी की पत्नी को पेट्रोल पंप दिलाने के नाम पर करीब 1 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप था। उस मामले में भी पूछताछ के बाद कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे, और उस वक्त भी उनकी आर्थिक गतिविधियों पर सवाल उठे थे।
सूत्रों के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच के लिए मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संस्तुति के बाद ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही गोपनीय जांच और सतर्कता रिपोर्ट के आधार पर की गई है। माना जा रहा है कि यह मामला अब ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) को भी भेजा जा सकता है।
इस मामले के प्रकाश में आने के बाद पुलिस विभाग ने आंतरिक जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं। यदि आरोप सही पाए गए तो इंस्पेक्टर नरगिस खान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ निलंबन और सेवा समाप्ति जैसी कठोर कार्यवाही भी हो सकती है।











Discussion about this post