मुजफ्फरनगर। शादी के महज तीन सप्ताह बाद ही एक विवाहिता अपने ससुराल से भागकर मुजफ्फरनगर के छपार थाने पहुंच गई और अपने पूर्व प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर घंटों पंचायत की। जब विवाहिता किसी भी हाल में राजी नहीं हुई, तो आपसी समझौते के बाद उसे उसके प्रेमी के साथ भेज दिया गया।
यह मामला जनपद सहारनपुर के थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के गांव खुशहालपुर की एक युवती से जुड़ा है, जिसका छपार थाना क्षेत्र के गांव दतियाना निवासी विशाल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुरुआती दौर में दोनों के परिजन उनकी शादी के लिए राजी भी हो गए थे। हालांकि, बाद में युवती के परिजनों ने उसकी शादी 2 अक्टूबर को थाना देवबंद क्षेत्र के गांव निहालखेड़ी निवासी राजन के साथ कर दी थी।
ससुराल से भागकर प्रेमी के पास पहुंची-
यह शादी युवती को कतई मंजूर नहीं थी। शुक्रवार की रात को वह अपने ससुराल (देवबंद) से भाग निकली और सीधे दतियाना में अपने प्रेमी विशाल के घर पहुंच गई।
शनिवार को प्रेमी विशाल के परिजन और कुछ ग्रामीण युवती को लेकर छपार थाने पहुंचे। सूचना मिलते ही छपार पुलिस ने युवती के ससुराल पक्ष (देवबंद) और उसके परिजनों (बिहारीगढ़) को भी थाने बुला लिया।
घंटों चली पंचायत, खर्च का हुआ लेन-देन-
थाने में दोनों पक्षों ने युवती को घंटों समझाया, लेकिन वह अपने प्रेमी विशाल के साथ ही जाने की जिद पर अड़ी रही। जब कोई हल नहीं निकला, तो दोनों परिवारों के बीच शादी में हुए खर्च को लेकर लेन-देन पर समझौता हुआ। ससुराल पक्ष ने भी अंततः अपनी सहमति दे दी।
आखिर में, छपार पुलिस ने विवाहिता की इच्छानुसार उसे उसके प्रेमी विशाल के साथ जाने की अनुमति दे दी।










Discussion about this post