मुजफ्फरनगर। करीब 25 साल से विदेश में रहकर कारोबार कर रहे दो एनआरआई भाइयों की करोड़ों की कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेजों के सहारे बेचने और उस पर जबरन कब्जा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भूमि की देखरेख कर रहे उनके मामा की शिकायत पर पुलिस ने प्रधानपति सहित नौ आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों में सात सगे भाई शामिल हैं।
फर्जीवाड़े का पूरा मामला भोपा क्षेत्र के तिस्सा निवासी मुमताज अली पुत्र अमीर हसनैन ने सिखेड़ा थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके भांजे मोहम्मद अख्तर और जीशान हैदर (निवासी बिलासपुर) 20-25 वर्षों से दुबई में रहकर काम करते हैं। उनकी ग्राम बहादरपुर में स्थित कृषि भूमि की देखरेख मुमताज अली करते हैं।
पीड़ित मुमताज के अनुसार, मनोज कुमार (कुकड़ा) और ओमपाल (पचेण्डा) ने आपसी साजिश के तहत खसरा नंबर 67/3 की कृषि भूमि का एक फर्जी बैनामा ग्राम के प्रधानपति भगत सिंह पुत्र हरवीर सिंह के नाम कर दिया। जबकि मौके पर खसरा 67/3 नाम की कोई भूमि मौजूद ही नहीं है। पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ पहले भी तहसील प्रशासन द्वारा जांच रिपोर्ट दी जा चुकी है और उसके विरुद्ध न्यायालय में मुकदमे चल रहे हैं।
जमीन पर कब्जा और मारपीट तहरीर के अनुसार, 14 नवंबर 2025 को प्रधानपति भगत सिंह अपने भाई-बंदों—जिनमें हरेंद्र, शिवराज, ध्यान सिंह उर्फ शोदान, अजब सिंह, धमेन्द्र, योगेंद्र, सन्नी पुत्र भगत सिंह और वंश पुत्र ध्यान सिंह—समेत एक अमीन को लेकर भूमि पर पहुंचे। आरोपियों ने ताजी बोई हुई सरसों की फसल को ट्रैक्टर से उखाड़ फेंका और जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया।
जब शिकायतकर्ता मुमताज अली और उनके रिश्तेदार शबी हैदर ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लात-घूंसों और डंडों से हमला कर दिया।
₹20 लाख की रंगदारी पीड़ित का आरोप है कि भूमाफिया गिरोह अब जमीन छोड़ने के बदले उनसे ₹20 लाख की रंगदारी की मांग कर रहा है और धमकी दे रहा है कि रकम न देने पर वे जमीन पर कब्जा कर लेंगे और पूरे परिवार को जान से मार देंगे।
लगातार दबाव और धमकियों के चलते मुमताज अली ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। एसएचओ सिखेड़ा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्रधानपति भगत सिंह सहित सभी नौ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।










Discussion about this post