मुज़फ्फरनगर। जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के पूरबालियान गांव में दबंगई का एक मामला सामने आया है, जहाँ परिवार के ही कुछ लोगों ने एक महिला के मकान की दीवार गिरा दी और उसके साथ घर में घुसकर मारपीट की। गंभीर रूप से घायल पीड़िता फरजाना ने न्याय की गुहार लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता फरजाना ने एसएसपी कार्यालय में जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने मकान में निर्माण कार्य करा रही थीं। पड़ोस में रहने वाले उनके परिवार के ही लोग—सदाकत, अब्दुल गफ्फार, मांगता, अब्दुल वासिद, मुकर्रम और यासीन—इस निर्माण का विरोध कर रहे थे।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 3 तारीख को सऊद अली जंगल गए हुए थे, बच्चे बाहर थे और वह घर पर अकेली थीं। इसी दौरान, उनके शौहर के ताऊ के लड़कों ने पहले उनकी दीवार गिरा दी और फिर तीन-चार लोग घर में घुस आए।
पीड़िता ने बताया कि घर में घुसकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके पैर में गंभीर चोट लगी है, जिसकी वजह से वह अभी तक घायल हैं। मोहल्ले के लोगों के इकट्ठा होने पर दबंग, उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
पीड़िता फरजाना ने यह भी बताया कि आरोपी दबंग किस्म के हैं और इससे पहले भी वे तीन बार उनके साथ झगड़ा कर चुके हैं, लेकिन तब उन्होंने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की थी।
जब पीड़िता के पति सऊद अली ने आरोपियों से मारपीट करने का कारण पूछा, तो दबंगों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि, “इतनी गोली मारेंगे की सात जन्म तक भी गिन नहीं पाओगे।
पीड़ित महिला आज एसएसपी ऑफिस आईं और उन्होंने दबंगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फरजाना ने बताया कि वह एसएसपी साहब से मिली हैं और उन्होंने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है।










Discussion about this post