मुजफ्फरनगर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।बुढ़ाना क्षेत्र में एक नशा मुक्ति केंद्र को सील करने के बाद उसे अवैध रूप से दोबारा खोलने पर संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दरअसल, डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह के निर्देशन में हाल ही में पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों ने जिले के नशा मुक्ति केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान कई केन्द्रों पर अनियमितताएं पाई गईं और उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद कर सील कर दिया गया था।
इसी कड़ी में 30 अगस्त को बुढ़ाना के बड़ौत रोड स्थित एनजीओ ‘अनमोल फाउंडेशन’ द्वारा संचालित नशा मुक्ति केन्द्र पर छापा मारा गया था। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने केन्द्र को सील कर दिया था।
हालांकि, ताजा जानकारी में सामने आया कि सील तोड़कर नशा मुक्ति केन्द्र को प्रबंधन ने पुनः खोल लिया और कार्यवाही शुरू कर दी। इस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बुढ़ाना के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बुढ़ाना कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि नशा मुक्ति केन्द्र को बिना किसी सक्षम अधिकारी को सूचित किए और बिना आवश्यक कागजात प्रस्तुत किए ही दोबारा खोल दिया गया। सरकारी सील तोड़ना प्रशासनिक आदेशों की खुली अवहेलना और विधिक कानूनों का गंभीर उल्लंघन है।
इस मामले में बुढ़ाना थाना प्रभारी सुभाष अत्री ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने साफ किया कि कानून तोड़ने वाले किसी भी संस्थान या संचालक को बख्शा नहीं जाएगा।










Discussion about this post