मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने मंगलवार को अवैध निर्माण और भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।प्राधिकरण के जोन-4 के शाहबुद्दीनपुर गांव में करीब 27 बीघा जमीन पर अवैध रूप से बनाई जा रही एक कॉलोनी को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
यह कार्रवाई सहारनपुर मंडलायुक्त की प्रेरणा और एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीना के सख्त आदेशों पर की गई। शाहबुद्दीनपुर गांव के खसरा संख्या 610, 611, 612, 613, 616, 626 और 628 की भूमि पर भू-स्वामी पदम सेन, प्रमोद (पुत्रगण रामशरण) और विक्की पुत्र चंद्रशेखर द्वारा अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, भू-स्वामियों ने बिना ले-आउट मानचित्र स्वीकृत कराए ही जमीन पर सड़कें, बिजली खंभे और अन्य निर्माण कार्य शुरू कर दिए थे। इसके खिलाफ एमडीए द्वारा पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ध्वस्तीकरण आदेश भी पारित कर दिए गए थे। इसके बावजूद भू-स्वामियों ने अवैध निर्माण नहीं हटाया।
मंगलवार को प्राधिकरण की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और बुलडोजर से अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण के दौरान एमडीए के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य स्टाफ मौजूद रहा, जबकि सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित थाने का पुलिस बल भी तैनात किया गया।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद अवैध कॉलोनाइज़र और भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। एमडीए अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










Discussion about this post