मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर शहर के मीनाक्षी चौक पर देर रात मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जब दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कई आरोपी भाग चुके थे। हालांकि, पुलिस ने तीन लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया।
घटना देर रात मीनाक्षी चौक पर हुई, जहां दो पक्षों के कई लोगों के बीच मामूली बात को लेकर बहस शुरू हो गई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों ने बिना सोचे-समझे एक दूसरे पर लात-घूंसों और थप्पड़ों से हमला कर दिया। इस दौरान आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अधिकांश आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी पुलिस के सामने भी एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। पुलिस ने तीनों को सिविल लाइन थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस की शुरुआती जांच में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की मूल वजह क्या थी। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मीनाक्षी चौक पर अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इस बार मामला हिंसक हो गया।










Discussion about this post