मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में सोमवार देर रात कस्बे में शोभायात्रा के दौरान सड़क पर मांस के टुकड़े पड़े मिले। यात्रा में शामिल लोगों ने हंगामा किया। शोभायात्रा खत्म होने के बाद लोग दक्षिणी मोहल्ले में एकत्र हुए और फिर हंगामा किया। पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
पुरकाजी कस्बे के मोहल्ला उत्तरी से शुरू होकर शोभायात्रा पुराने हाईवे से होते हुए खादर तिराहा, रोडवेज बस अड्डे, दक्षिणी मोहल्ले के पास से होकर मोहल्ला गुली में पहुंची। इसी दौरान रास्ते में मांस के टुकडे़ पडे़ मिले। सड़क किनारे नाली में भी कुछ टुकड़े बह रहे थे। यह देखकर शोभायात्रा में शामिल लोगों ने नाराजगी जताई। शोभायात्रा रोककर हंगामा करना शुरू कर दिया।
कुछ गणमान्य लोगों ने युवकों को समझा कर शांत किया और शोभायात्रा को वहां से आगे ले गए। इसके बाद मोहल्ला खेडा दरवाजा, कस्सावान आदि मोहल्लों से होते हुए शोभायात्रा अंबेडकर बस्ती में रविदास मंदिर पर पहुंच कर संपन्न हो गई। इसके कुछ ही देर बाद मोहल्ले के सैकड़ों लोग रविदास मंदिर पर एकत्र हो गए। सभी लोगों ने मांस के टुकड़े के मिलने के मामले में रोष जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग कार्रवाई की मांग पर अड़ गए और तहरीर दी। थाना पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। क्षेत्र में पुलिस तैनात कर दी गई है। सीओ सदर देवव्रत वाजपेई का कहना है कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। शोभायात्रा सकुशल संपन्न हो गई है।










Discussion about this post