मुजफ्फरनगर। आस्था और भक्ति के प्रतीक कांवड़ यात्रा की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी फैलाने की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो कांवड़िये का वेश धारण कर कांवड़ मार्ग और शिविरों में गांजा और चरस बेच रहे थे। इनके पास से 324 ग्राम गांजा, 10 ग्राम चरस और 19,450 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद नकदी नशे की बिक्री से कमाई गई थी।
थाना सिविल लाइन प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक कांवड़ यात्रा की भीड़ का फायदा उठाकर नशे का सामान बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर माल रोड पर दबिश दी गई, जहां तीनों आरोपितों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान इस प्रकार है:
- वैभव शर्मा उर्फ तनु पुत्र रोशन
- गुलशन उर्फ टिड्डा पुत्र जगदीश
- कृष्ण कुमार उर्फ ठोड्डी पुत्र रामस्वरूप
तीनों आरोपी वाल्मीकि बस्ती, शिवपुरी, थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों पहले भी नशे के धंधे में लिप्त रहे हैं। इनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/20 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रेशमपाल सिंह, कांस्टेबल ब्रह्मदेव, सुधीर, कृष्णवीर, मोहित और अंकित शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों की आड़ में अपराध को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशे के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा और ऐसी गतिविधियों में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post