नई दिल्ली। अब गाय का गोबर सिर्फ खेतों की उर्वरक शक्ति नहीं बढ़ाएगा, बल्कि आपकी कार को भी दौड़ाएगा! उत्तर प्रदेश सरकार ने पंचगव्य आधारित ग्रामीण विकास की जो योजना शुरू की है. आइए समझते हैं इस अनोखी पहल की पूरी योजना…
उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए पंचगव्य आधारित मॉडल अपनाया है, जिसमें गाय के गोबर और अन्य जैविक उत्पादों का उपयोग कर खेती, खाद, कीटनाशक, और अब वाहनों के लिए बायोगैस तैयार की जाएगी.

गो सेवा से समृद्धि योजना की खासियत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘गो सेवा से समृद्धि’ योजना के तहत 75 चयनित गोशालाओं को शोध और उत्पादन केंद्रों में बदला जाएगा. इन गोशालाओं को सालाना 25 लाख रुपये तक की आय दिलाने का लक्ष्य है. इससे गोशालाएं आत्मनिर्भर होंगी और ग्रामीणों को स्थायी रोजगार मिलेगा, जिससे गांवों में आर्थिक सशक्तिकरण होगा.
गोबर से कैसे बनती है बायोगैस?
गोबर से बायोगैस बनाने की प्रक्रिया दो चरणों में होती हैः पहले चरण में एसिड बनाने वाले बैक्टीरिया जैविक कचरे को तोड़कर ऑर्गेनिक एसिड बनाते हैं, फिर दूसरे चरण में मिथेनोजेनिक बैक्टीरिया इन एसिड को मिथेन गैस में बदलते हैं. यही मिथेन गैस अत्यधिक ज्वलनशील होती है और इससे वाहन चलाने योग्य ऊर्जा प्राप्त होती है.
एक कार चलाने के लिए कितना गोबर जरूरी?
मारुति सुजुकी की रिपोर्ट के अनुसार, 10 गायों के एक दिन के गोबर से उत्पन्न बायोगैस एक सीएनजी कार को पूरे दिन चलाने के लिए पर्याप्त होती है. इससे गांवों में अब गोबर को अपशिष्ट नहीं, बल्कि ऊर्जा स्रोत के रूप में देखा जाएगा, जिससे परिवहन की नई संभावनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित होंगी.
किसानों को कैसे होगा लाभ?
गो सेवा आयोग के अनुसार पंचगव्य से बने जैविक उत्पाद जैसे कीटनाशक, खाद और बायो फेंसिंग, किसानों की खेती की लागत को घटाकर उत्पादन बढ़ाएंगे. इससे फसल की गुणवत्ता में सुधार होगा और किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी होगी. यह मॉडल टिकाऊ कृषि की दिशा में एक बड़ा कदम है.
हर जिले में अलग मॉडल आधारित परियोजनाएं
प्रदेश में अलग-अलग जिलों के लिए विशेष बायोगैस और पंचगव्य उत्पाद परियोजनाएं बनाई गई हैं. जैसे गोरखपुर में ड्यूल फीड बायोगैस संयंत्र, अयोध्या में जैविक कीटनाशक इकाई, आगरा में स्किन केयर यूनिट, और वाराणसी में कार्बन ऑफसेट प्रोजेक्ट. ये मॉडल क्षेत्रीय जरूरतों के अनुसार रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देंगे.











Discussion about this post