मुजफ्फरनगर। फर्जी ई वे बिलों से दो करोड़ की जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है। इस मामले में राज्यकर अधिकारी की ओर से आरोपी व्यापारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
राज्यकर अधिकारी संजीव पंवार की ओर से शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराकर एक व्यक्ति पर बोगस कंपनी खोलकर फर्जी ईवे बिलों के माध्यम से बिना खरीद-फरोख्त ही दो करोड़ से अधिक की जीएसटी चोरी करने का आरोप लगाया है। बताया कि 13 फरवरी 2022 को स्काई ग्रीन रिसाइक्लिंग के नाम से स्क्रेब खरीद-बिक्री के लिए कंपनी का रजिस्ट्रेशन कराया गया था।
शुरुआती जांच में सामने आया कि दो वर्ष के दौरान माल की खरीद-बिक्री किये बिना फर्जी बिलों पर ही व्यापार दर्शाया गया। फर्म की मौके पर तलाश की गई तो लोकेशन नहीं मिली। जिसके उपरांत पोर्टल से मोबाइल नंबर लेकर फोन पर बात की गई तो फर्म स्वामी मो. चांद निवासी मल्हूपुरा ने अपने आपको को बंगलूरू आया हुआ बताया।
दर्शाए गए पते ईंट भट्ठा के समीप शाहबुद्दीनपुर रोड स्थित फर्म पर जाकर देखा तो वहां से कारोबार के कोई संकेत नहीं मिले। संपत्ति स्वामी ने भी कई महीने का किराया न मिलने की बात कही। आरोप लगाया कि फर्म स्वामी की ओर से कूट रचित प्रपत्रों से वर्ष 2022-23 के दौरान 13.36 लाख एवं वर्ष 2023-24 के दौरान 1.72 करोड़ रुपये से अधिक का कर अपवंचन किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










Discussion about this post