मुजफ्फरनगर। जनपद के तितावी थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक जिम संचालक पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी गई। हमले में जिम मालिक नीतीश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, तितावी क्षेत्र स्थित फिटनेस फ्यूजन जिम के संचालक नीतीश बुधवार को अपने जिम में मौजूद थे। इसी दौरान दो बाइक सवार युवक पहुंचे और किसी बहाने से नीतीश को बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर निकले, हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली नीतीश के हाथ और नाभि के नीचे लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घायल नीतीश के पिता राजीव ने आरोप लगाया कि पारस पुत्र आदेश और विशाल पुत्र धर्मपाल काफी समय से उनके बेटे पर जिम में हिस्सेदारी का दबाव बना रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि बुधवार को पारस और विशाल ने जिम में पहुंचकर नीतीश को बाहर बुलाया और तीन-चार राउंड गोली चला दी। फायरिंग के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
नीतीश को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। राजीव ने बताया कि पुलिस को पूरे मामले की सूचना दे दी गई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार हमलावरों की तलाश की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है।











Discussion about this post