मुजफ्फरनगर। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ तीन दिन पहले की गई बुलडोजर कार्रवाई के बाद मंडी व्यापारी आक्रोशित हो गए हैं। बुधवार को चिलचिलाती धूप में व्यापारियों ने अर्धनग्न होकर विरोध प्रदर्शन किया और मंडी परिसर में खुले आसमान के नीचे सब्जी बेचकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन ने बिना कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए उनकी दुकानों पर बुलडोजर चलवा दिए, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ गया है। धूप और बारिश में वे सड़क पर बैठकर व्यापार करने को मजबूर हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के भीतर टीन शेड नहीं लगाए गए या व्यापारियों को स्वयं शेड लगाने की अनुमति नहीं मिली, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
व्यापारी राधे प्रणामी ने बताया कि तेज गर्मी के कारण सब्जियां खराब हो रही हैं जिससे रोज लाखों का नुकसान हो रहा है। गोविंद भूटानी ने कहा कि मंडी में स्थायी व्यवस्था नहीं होने से ग्राहक भी कम आ रहे हैं, जिससे बिक्री पर सीधा असर पड़ा है। हाजी नोमान ने कहा कि बारिश या लू चलने पर व्यापार पूरी तरह ठप हो जाता है।
बिलाल का कहना है कि गरीब और मध्यमवर्गीय व्यापारी खुले में काम नहीं कर सकते, जबकि युवराज शर्मा, अनिल ठाकुर और फुरकान खान सहित अन्य व्यापारियों ने भी मंडी समिति से मांग की है कि जल्द से जल्द टीन शेड और अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
मंडी में काम करने वाली महिला मजदूरों ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी में खुले में काम करना मुश्किल हो गया है, जिससे वे बीमार पड़ रही हैं। उनके बैठने और आराम करने की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे काम करना असंभव होता जा रहा है।











Discussion about this post