मुजफ्फरनगर। पौराणिक तीर्थस्थल हर-हर गंगे, गंगा मैया की जय, शुकदेव महाराज की जय के जयकारों से गूंज रहा है। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं ने यज्ञ और कथा अनुष्ठान कर गंगा मैया के पवित्र जल में डुबकी लगाई। भागवत पीठ पर श्रद्धालुओं ने सिद्ध अक्षय वट की परिक्रमा की और शुकदेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। गंगा मैया की संध्या आरती के बाद श्रद्धालुओं ने दीपदान किया।
शुकतीर्थ धाम में हर और श्रद्धा, भक्ति और आस्था का संगम है। मुख्य गंगा स्नान को तीर्थ में हजारों श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। गंगा तट पर स्नान कर तीर्थयात्री हवन और कथा अनुष्ठान की पूर्णाहुति कर रहे हैं। युवा और बच्चे निर्मल, स्वच्छ गंगा में स्नान कर प्रफुल्लित हैं, वहीं बेटियों ने सूर्य को गंगा जल से आराध्य दिया। नाव सवारी में श्रद्धालुओं ने जल विहार किया। कारगिल स्मारक पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तीर्थ जीर्णोद्धारक वीतराग स्वामी कल्याणदेव के समाधि मंदिर में नमन को तांता लगा हुआ है।
सिद्ध अक्षय वट के दर्शन कर भागवत भक्त दीप जलाकर पूजन में जुटे हैं। श्री शुकदेव भंडारे में साधु, महात्मा और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दंडी आश्रम, हनुमतधाम, गणेश धाम, शिवधाम, दुर्गाधाम, पीतांबरा धाम,नवग्रह शनिधाम, राम आश्रम, रविदास आश्रम, समनदास आश्रम , तिलकधारी विष्णु आश्रम, गीता घाट आश्रम समेत तीर्थ के मंदिरों, शिवालयों में रातभर भजन कीर्तन में श्रद्धालु मग्न रहे। दूरस्थ राज्यों से भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह में आये हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई।
श्री गंगा सेवा समिति पदाधिकारियों ने गंगा घाट पर व्यवस्था में सहयोग किया। डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा ने मुख्य गंगा स्नान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।











Discussion about this post