पटना। तेजस्वी के करीबी और राजद के सांसद संजय यादव पर हमला बोलने वालों में केवल अब रोहिनी आचार्य ही अकेली नहीं रह गई हैं। उन्हें राष्ट्रीय जनता दल की पूर्व नेत्री और इस बार परिहार विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ने वाली रितु जायसवाल का साथ मिल चुका है। रितु जायसवाल ने सोशल मीडिया पर संजय यादव के खिलाफ बड़ा हमला बोला है। उन्होंने चुनाव रिजल्ट की एक तस्वीर भी साझा की।
राष्ट्रीय जनता दल से बागी हुई रितु जायसवाल ने संजय यादव पर हमला करते हुए कहा कि खुद को चाणक्य समझने की भूल में किस तरह जीती हुई सीटें गंवाई जाती हैं – यह बात राजद के सलाहकार से सीखी जा सकती है। परिहार विधानसभा चुनाव इसका जीता-जागता उदाहरण है। कार्यकर्ताओं की भावनाओं और ज़मीनी वास्तविकता की अनदेखी करके जब परिहार का सिंबल वितरण किया गया था, मैंने तभी कह दिया था कि राष्ट्रीय जनता दल यहां तीसरे नंबर पर रहेगी। चुनाव परिणाम उसी बात को दोहरा रहा है।
दरअसल बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में परिहार विधानसभा से राजद का टिकट नहीं मिलने पर रितु जायसवाल ने काफी विरोध किया था और इसी वजह से पार्टी से नाराज होकर निर्दलीय उम्मीदवार बन गई थी। तेजस्वी यादव ने रितु जायसवाल का टिकट काटकर रामचंद्र पूर्वे की बहू स्मिता को टिकट दिया था। इसके बाद रितु जायसवाल ने जमकर राजद पर हमला बोला था।











Discussion about this post