शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में बुधवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। रोजा जंक्शन के पास एक मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय बाइक सवार पांच लोग ‘सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस’ की चपेट में आ गए। इस भीषण टक्कर में दंपती, उनके दो मासूम बच्चों और एक अन्य युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रैक पर बाइक बंद होने से हुआ हादसा-
हादसा शाम करीब 6:10 बजे हुआ। लखीमपुर खीरी निवासी हरिओम (26) अपने साढ़ू सेठपाल (32), साढ़ू की पत्नी पूजा (26) और उनके दो बच्चों—निधि (4 वर्ष) व सूर्या (डेढ़ वर्ष) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बाइक लाइन नंबर चार पर पहुँची, वह अचानक बंद हो गई। इसी दौरान तेज रफ्तार गरीब रथ ट्रेन आ गई और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रेन के इंजन में फंसकर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई।
शॉर्टकट और ट्रेन का शोर बना काल-
मजदूरी करने वाला हरिओम अपने परिजनों के साथ रोजा से लखीमपुर खीरी स्थित अपने गांव लौट रहा था। समय बचाने के लिए उन्होंने मानवरहित क्रॉसिंग का शॉर्टकट रास्ता चुना। मौके पर मौजूद एक चश्मदीद राहुल कुमार ने बताया कि उन्होंने ट्रेन को आता देख बाइक सवारों को चिल्लाकर रोकने की कोशिश की थी, लेकिन ट्रेन की तेज आवाज के कारण वे सुन नहीं पाए और यह भयावह हादसा हो गया।
30 मिनट तक रुकी रही ट्रेन, परिजनों में कोहराम-
हादसे के बाद लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद इंजन में फंसी बाइक को निकाला गया, जिसके बाद ट्रेन रवाना हो सकी। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन बदहवास होकर मौके पर पहुँचे, जिससे पूरे इलाके में गमगीन माहौल हो गया।











Discussion about this post