नई दिल्ली। आज पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत संपूर्ण राष्ट्र इस महान राजनेता के योगदान को याद कर रहा है। दिल्ली स्थित उनके स्मारक—’सदैव अटल’ पर जाकर तमाम राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पीएम मोदी ने ‘X’ हैंडल पर किया याद, आचरण को बताया आदर्श-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयंती के अवसर पर अपने ‘X’ हैंडल (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा कर वाजपेयी जी के विराट व्यक्तित्व को याद किया। पीएम मोदी ने वाजपेयी के आचरण, विचारों और उनके ‘अटल संकल्प’ को भारतीय राजनीति का एक आदर्श मानक करार दिया।
संस्कृत के एक श्लोक का उद्धरण देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वाजपेयी की जयंती उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा लेने का एक विशेष मौका है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी ने अपने पूरे जीवन में राष्ट्रहित को हमेशा पार्टी हित और व्यक्तिगत हित से ऊपर रखा।
‘सदैव अटल’ पर जुटी हस्तियां-
राष्ट्रीय राजधानी में ‘सदैव अटल’ स्मारक पर आयोजित मुख्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग शामिल हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस मौके पर पीएम मोदी के अलावा, पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और कई धर्मगुरुओं ने भी संगीतबद्ध श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि अटल जी के विचार और उनकी कविताएं आज भी देश को सही दिशा दिखाती हैं।











Discussion about this post