मुज़फ्फरनगर। जिले के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव रोनी हरजीपुर में देर रात हुई तेज बारिश एक परिवार पर आफत लेकर आई। बारिश के कारण अनुज पुत्र स्वर्गीय रमेश पवार का मकान अचानक गिर गया। हादसे के वक्त अनुज अपने बच्चों के साथ मकान में सो रहा था, जिससे पूरा परिवार मलबे में दब गया।
परिवार के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने मलबा हटाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। इस हादसे में अनुज की पत्नी मनसा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत मेरठ के आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं अनुज के दोनों बेटे आर्यन और हर्षित भी गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें भी मेरठ रेफर किया गया है।
इस दुर्घटना में परिवार के दो पालतू पशुओं की भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य विकास शर्मा घटनास्थल पर पहुंच गए और अधिकारियों को फोन पर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने जिलाधिकारी से पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद मुहैया कराने की मांग की है।










Discussion about this post