मेरठ। मेरठ के दौराला क्षेत्र के समौली गांव में रविवार रात एक अजीबोगरीब और डरावनी घटना घटी जब एक किसान के बाड़े से अचानक दर्जनों सांप निकलने लगे। देखते ही देखते किसान महफूज के बाड़े में सांपों की कतार लग गई। इस अप्रत्याशित घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर गए।
किसान महफूज ने बताया कि रविवार रात वह सोने की तैयारी कर रहा था, तभी उसने अपने बाड़े में एक सांप देखा जो करीब डेढ़ फीट लंबा था। उसने हिम्मत दिखाई और उसे मार दिया, लेकिन इसके कुछ देर बाद ही एक के बाद एक सांप निकलने लगे। अचानक सांपों की संख्या इतनी बढ़ गई कि उन्हें गिनना मुश्किल हो गया। महफूज ने अपने परिवार के साथ मिलकर कई सांपों को मार डाला और गड्ढा खोदकर जमीन में दफना दिया।
घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने देखा कि सांप किसान के दरवाजे के पास बने रैंप के नीचे से निकल रहे थे। ग्रामीणों ने भी डर के बावजूद हिम्मत दिखाई और किसान की मदद की। रात करीब नौ बजे तक सांपों की संख्या 52 तक पहुंच चुकी थी। सभी मारे गए सांपों को गांव वालों ने मिट्टी में दबा दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में सांपों के दिखने की सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद उनकी टीम गांव पहुंची। इस बारे में जब वन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई सूचना नहीं दी गई न ही हमारी कोई टीम गांव गई थी। वही गांव वालों का मानना है कि रैंप के नीचे किसी सांप का बिल हो सकता है, जहां संभवतः अंडे दिए गए होंगे। देर रात तक सांप निकलने का सिलसिला चलता रहा, जिससे पूरा परिवार भयभीत रहा और रातभर जागकर पहरा देता रहा।











Discussion about this post