बागपत। बुधवार रात बड़ौत के नई बस्ती स्थित जन्नतुल फिरदौस मस्जिद के इमाम कारी मतलूब पर कुछ लोगों ने उस समय फायरिंग कर दी, जब इमाम मस्जिद में नमाज अदा कराकर लौट रहे थे। उधर, इमाम पर फायरिंग की सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर वहां से भाग चुके थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले इमाम कारी मतलूब के बेटे भूरी के साथ कुछ लोगों की कहासुनी हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर इमाम पुलिस में शिकायत करने की बात कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी वजह से बाइक सवार दो-तीन लोगों ने इमाम पर उसे समय फायरिंग कर दी, जब मस्जिद में नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे।
फायरिंग की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग उधर दौड़े तो, हमलावर पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच में जुट गई। सीओ विजय कुमार ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं है। तहरीर आने पर जांच को कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post