बागपत। बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर वाया शामली रेलमार्ग पर दो दोस्तों ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। एक ट्रेन के लोको पायलट की सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने पहचान के बाद शवों को टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद दोनों घरों में मातम छा गया है।
मृतक अरुण तोमर उर्फ छोटू (23) पुत्र प्रेम सिंह निवासी कोताना रोड और शिवम उर्फ भूरा (23) पुत्र जगमाल निवासी छपरौली रोड थे। ये दोनों जेसीबी ट्रैक्टर के माध्यम से जगह-जगह मिट्टी भराव का कार्य साथ में करते थे। दोनों ही अच्छे दोस्त थे। रविवार तड़के दोनों ने दिल्ली-शामली रेलमार्ग पर गेट संख्या 147ए पर (रेलवे स्टेशन के पास) ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। शामली से दिल्ली जाने वाली 64020 ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना रेलवे स्टेशन अधिकारियों को दी।
इस सूचना पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। शवों की शिनाख्त के बाद पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद से दोनों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। जीआरपी इंस्पेक्टर उधम सिंह तालान का कहना है कि मामले में अभी और जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि आत्महत्या का कारण स्पष्ट हो सके। मृतक अरुण तोमर अविवाहित था। शिवम की दो शादियां हुई हैं, जिनमें से एक पत्नी से दो बेटियां हैं।











Discussion about this post