मेरठ। ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेंद्र तोमर के भतीजे निखिल तोमर का ईश्वरपुरी फूल मंडी में मारपीट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह एक युवक के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। एक महिला बचाव में आई, तो उसे भी धक्का दिया। इसके बाद कई लोगों और महिलाओं ने निखिल को पीटा। अधिकारियों ने ब्रह्मपुरी पुलिस को जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देश दिए हैं।
इस वायरल हुए वीडियो में एक स्कार्पियो कार जाती हुई दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि स्कार्पियो ऊर्जा राज्य मंत्री डा. सोमेंद्र तोमर का भतीजा निखिल तोमर चला रहा है। उसके साथ एक पीएसओ भी है। निखिल का यहां पर खड़े एक युवक से विवाद हो गया। इसके बाद उसने युवक की पिटाई करनी शुरू कर दी। युवक ने भी निखिल के साथ हाथापाई की। महिला ने बचाव की कोशिश की तो उसको भी धक्का देकर गिरा दिया। आसपास के लोग भी आ गए और निखिल व पीएसओ के साथ मारपीट की गई। निखिल तोमर के कपड़े भी फट गए।
यह वीडियो फेसबुक पर कुछ भाजपा नेताओं ने भी अपलोड की है। लोगों की भीड़ भी वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। ब्रह्मपुरी पुलिस को निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।











Discussion about this post